भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा का दायरा बढ़ाया जा रहा है। शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 9वीं के छात्रों के लिए 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट' का व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के 1,848 आईसीटी (ICT) स्कूलों में यह पाठ्यक्रम 1 सितंबर से ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह सुविधा उन्हीं विद्यालयों में उपलब्ध होगी, जहाँ आईसीटी प्रयोगशाला स्थापित है।
स्मार्ट क्लास में ऑनलाइन वीडियो से होगी पढ़ाई:
सप्ताह में 3 दिन सैद्धांतिक कक्षाएं सोमवार और बुधवार को विमर्श पोर्टल के यूट्यूब चैनल (vimarsh-MP-SED) के माध्यम से नए पाठ पढ़ाए जाएंगे। तीसरी कक्षा भी समय-सारणी के अनुसार आयोजित होगी।
वीडियो प्रदर्शन के बाद कंप्यूटर अनुदेशक (Computer Instructor) तकनीकी प्रश्नों का और विषय शिक्षक शंकाओं का समाधान करेंगे। शुक्रवार को अभ्यास व प्रयोगात्मक कार्य (प्रैक्टिकल) होंगे, जबकि शनिवार को रिवीजन कराया जाएगा।
यदि किसी कारणवश लाइव प्रसारण में व्यवधान आता है, तो विमर्श पोर्टल से वीडियो डाउनलोड कर अगले कार्यदिवस में छात्रों को दिखाना अनिवार्य होगा।
इस पहल से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी समझ और तकनीकी कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

