इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) में स्नातक पाठ्यक्रमों (UG) की पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक द्वितीय वर्ष और विभिन्न पाठ्यक्रमों के सेमेस्टर पूरक परीक्षाओं का टाइम टेबल पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। यह परीक्षाएं 9 सितंबर से शुरू होकर अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक आयोजित की जाएंगी।
इस पूरक परीक्षा में बीए, बीकॉम, बीबीए, बीएससी, बीएचएससी द्वितीय वर्ष के साथ-साथ बीए-बीएड और बीएससी-बीएड के विभिन्न सेमेस्टर के करीब 18 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र अगले सप्ताह विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर जारी कर दिए जाएंगे।शांतिपूर्ण व पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए कुल 30 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं रोजाना तीन शिफ्ट में आयोजित होंगी। परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो प्रश्नपत्र के बंडल खोलने से लेकर विद्यार्थियों की उपस्थिति तक की विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को देंगे।
विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, सभी विषयों के परिणाम अक्टूबर माह के मध्य तक घोषित कर दिए जाएंगे।उल्लेखनीय है कि स्नातक तृतीय और चतुर्थ वर्ष की पूरक परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में समाप्त हो जाएंगी, जिसके ठीक बाद 9 सितंबर से द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें सबसे अधिक (लगभग साढ़े 16 हजार) छात्र भाग लेंगे।

