भोपाल। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राजधानी भोपाल में भारतीय संस्कृति और देशभक्ति का भव्य समागम देखने को मिलेगा। विविधा कलायम सांस्कृतिक समिति द्वारा आगामी 1 सितंबर को डीबी सिटी मॉल में शाम 4 बजे से एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एक साथ तीन नए विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन में संगीत, सामूहिक गायन और शास्त्रीय कथक नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की अनूठी पहल:
अंतरराष्ट्रीय संगीतकार अभय तिवारी एक ही प्रस्तुति में 40 से ज्यादा अलग-अलग वाद्य यंत्रों का प्रयोग कर 'वंदे मातरम्' की विशेष धुन बजाएंगे। विविधा अकादमी के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं एक साथ मिलकर राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन करेंगे। 150 से अधिक छात्राएं लाइव म्यूजिक की धुन पर 'वंदे मातरम्' पर सामूहिक कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी।
संस्कृति और राष्ट्रभावना का संदेश
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को 'वंदे मातरम्' के ऐतिहासिक महत्व से जोड़ना और उनमें राष्ट्रप्रेम व सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के प्रमाणीकरण के लिए पेशेवर वीडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा।

