नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 88वें संस्करण में हिस्सा लिया। यह आयोजन ब्रिक्स के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मांडविया ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक है। इसके साथ ही साइकिलिंग से प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या को कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए जरूर दें।
गौतम गंभीर ने भी युवाओं से की फिट इंडिया से जुड़ने की अपील
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी युवाओं को फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और मजबूत युवा ही मजबूत भारत की नींव हैं। फिट इंडिया अभियान देश को फिट, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस साइकिलिंग कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम, खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

