उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में शनिवार को महाकाल और गोगादेवजी के भव्य मिलन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर देशभर से 200 से अधिक गोगादेवजी की छड़ियां उज्जैन पहुंचीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम आश्रम पहुंचकर गोगादेवजी की छड़ियों का विधिवत पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सोहनदासजी की समाधि पर भी मत्था टेका और पुष्प अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री का किया सम्मान
वाल्मीकि धाम आश्रम के पीठाधीश्वर एवं राज्यसभा सदस्य संत उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। धार्मिक आयोजन में संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
महाकाल मंदिर में हुआ महाकाल-गोगादेवजी मिलन
शाम को प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भगवान महाकाल और गोगादेवजी का पारंपरिक मिलन कराया गया। इसके बाद मंदिर परिसर से विशाल छड़ी चल समारोह निकाला गया, जो जूना सोमवारिया स्थित श्री वाल्मीकि धाम आश्रम के लिए रवाना हुआ।
देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई 200 से अधिक छड़ियों के शामिल होने से चल समारोह की भव्यता और बढ़ गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ छड़ियों के दर्शन किए और भगवान महाकाल एवं गोगादेवजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

