मध्य प्रदेश में चार वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले:

भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने शनिवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण एवं अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अधिकारियों की नई पदस्थापना एवं जिम्मेदारियां:

आईपीएस अधिकारी चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण विभाग का नया संचालक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष सशस्त्र बल) तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

खेल एवं युवक कल्याण विभाग से सेवाएं वापस लेते हुए अंशुमन यादव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) अनिल कुमार को अपने वर्तमान पद के साथ-साथ विशेष पुलिस महानिदेशक (अजाक) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

अधिकारी डी. श्रीनिवास वर्मा को विशेष सशस्त्र बल (SAF) और राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।