नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा ग्राम सूकरी और चुरका के बीच हुआ। बस में सवार चार विद्यार्थी, चालक और महिला परिचालक घायल हो गए। सभी घायलों को डायल-112 की मदद से सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, सीएम राइज सांदीपनि स्कूल की बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2430 शनिवार सुबह गांवों से विद्यार्थियों को लेने जंगल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूकरी और चुरका गांव के बीच मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई।
बताया जा रहा है कि बस एक पलटी खाने के बाद तिरछी अवस्था में जाकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार विद्यार्थियों और स्टाफ को बाहर निकाला गया।
हादसे में चारों विद्यार्थियों के अलावा बस चालक और महिला परिचालक को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। बस के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।

