मन की बात में पीएम मोदी का संदेश: युवाओं को नशे से बचाना जरूरी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, नशामुक्ति, भारतीय इतिहास और महिला सशक्तिकरण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी।

नशामुक्त युवा, ड्रग फ्री इंडिया लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान इस समय पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका लक्ष्य स्पष्ट है—नशामुक्त युवा और ड्रग फ्री इंडिया।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा इस अभियान से जुड़ रहे हैं। नशे की लत से युवाओं का स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होने के साथ उनके परिवारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना और उन्हें सही दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इतिहास को रोचक तरीके से जानने की अपील

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने भारतीय इतिहास के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने युवाओं और इतिहास में रुचि रखने वालों से Bharat Rajya वेबसाइट के माध्यम से देश के इतिहास को जानने की अपील की। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर किसी भी वर्ष का चयन कर यह जानकारी प्राप्त की जा सकती है कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था।

प्रधानमंत्री ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास इतिहास के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी इतिहास को रोचक ढंग से समझने में मददगार साबित हो सकता है।

PM स्वनिधि योजना से महिलाओं को मिल रही ताकत

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए PM स्वनिधि योजना की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाखों माताओं और बहनों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में नई ताकत मिल रही है।

उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस पहलू की जितनी चर्चा होनी चाहिए, उतनी नहीं हो रही है।