LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, e-KYC कराने की समयसीमा 23 अगस्त तक बढ़ी

डिजिटल डेस्क। LPG गैस कनेक्शनधारकों के लिए राहत की खबर है। ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। इससे उन उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो तकनीकी दिक्कतों या सर्वर की समस्या के कारण अब तक अपना सत्यापन पूरा नहीं करा पाए थे।

सर्वर की समस्या से बढ़ी परेशानी

पिछले दिनों LPG e-KYC प्रक्रिया के दौरान सर्वर की धीमी गति और मोबाइल ऐप में तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह गैस वितरण केंद्रों पर लंबी कतारें लगीं और घंटों इंतजार के बाद भी लोगों का सत्यापन पूरा नहीं हो सका।

गैस एजेंसियों के अनुसार, सर्वर में बार-बार व्यवधान आने से e-KYC का काम प्रभावित हुआ। इसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का सत्यापन लंबित रह गया। अब समयसीमा बढ़ाए जाने से उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

घर बैठे मोबाइल से कर सकते हैं e-KYC

उपभोक्ता संबंधित LPG कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। Indane, HP Gas और Bharatgas के ग्राहकों के लिए संबंधित ऐप में उपलब्ध e-KYC सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके लिए उपभोक्ता को मोबाइल में संबंधित गैस कंपनी का ऐप खोलकर e-KYC विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मांगी गई जानकारी और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

23 अगस्त से पहले करा लें सत्यापन

जिन LPG उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी है, वे अंतिम तारीख का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें। तकनीकी समस्या होने की स्थिति में उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। नई समयसीमा के अनुसार 23 अगस्त तक e-KYC पूरा करने का मौका दिया गया है।