ग्वालियर। जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू किया गया ‘शक्ति दीदी’ नवाचार अब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मिसाल बन रहा है। जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाएं पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे उन्हें रोजगार के साथ आत्मविश्वास और सम्मान भी मिल रहा है।
गुरुवार को जिले की चार और जरूरतमंद महिलाओं को ‘शक्ति दीदी’ के रूप में जोड़ा गया। इसके साथ ही जिले में इस पहल से जुड़कर फ्यूल डिलीवरी का काम करने वाली महिलाओं की संख्या बढ़कर 127 हो गई है।
इस पहल के तहत महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। रोजगार मिलने से महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर रही हैं। कई महिलाओं के लिए यह पहल घर की सीमाओं से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर साबित हुई है।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। ‘शक्ति दीदी’ के रूप में काम कर रहीं महिलाओं में रोजगार मिलने के बाद आत्मविश्वास भी बढ़ा है। यह नवाचार महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी कदम माना जा रहा है।

