पदोन्नति के एवज में 55 हजार की रिश्वत, लोकायुक्त ने दो वनकर्मियों को रंगे हाथ पकड़ा

बैतूल। पश्चिम वन मंडल बैतूल में पदोन्नति से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत पर भोपाल लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को कार्रवाई की। टीम ने डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर में 55 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए दो कर्मचारियों को पकड़ा।

लोकायुक्त के अनुसार, पकड़े गए कर्मचारियों की पहचान कंप्यूटर ऑपरेटर अभय सिंह तोमर और सहायक ग्रेड-2 माखनलाल पवार के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों ने एक वनरक्षक की पदोन्नति के एवज में 55 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के बाद लोकायुक्त ने की कार्रवाई

मामले की शिकायत वनरक्षक सुकांत पाठक ने भोपाल लोकायुक्त से की थी। शिकायत में पदोन्नति के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

निर्धारित योजना के तहत सोमवार को लोकायुक्त की टीम डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर पहुंची। यहां कथित रूप से 55 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दोनों कर्मचारियों को पकड़ लिया गया।

मामले की जांच जारी

कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम दोनों कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। रिश्वत प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद पश्चिम वन मंडल कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी रही।