भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष तो स्मृति ईरानी बनीं महासचिव

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। अध्यक्ष बनने के करीब सात महीने बाद घोषित की गई इस टीम में कई प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव शामिल किए गए हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पूर्व सांसद सतीश पूनिया को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

पार्टी संगठन में बीएल संतोष को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिव प्रकाश, विनोद तावड़े और सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिली हैं।

भाजपा की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए और युवा चेहरों को भी स्थान दिया गया है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया है।

नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही नई राष्ट्रीय टीम के गठन का इंतजार किया जा रहा था। अब नई टीम के ऐलान के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में लंबे समय से लंबित बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है।