बड़वानी। नागपंचमी के अवसर पर निमाड़ के प्रसिद्ध नागतीर्थ नागलवाड़ी स्थित शिखरधाम में आस्था का भव्य मेला आयोजित हुआ। पर्व के चलते दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु भगवान भिलटदेव के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
नागपंचमी के अवसर पर शिखरधाम में भगवान भिलटदेव का विशेष अभिषेक और विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद आकर्षक श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी एवं पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीम भी तैनात की गई।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए मुस्तैदी से व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए बेहतर समन्वय बनाया गया।
नागपंचमी के अवसर पर शिखरधाम में लगे इस भव्य मेले में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन को खास बना दिया।

