विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा ने खान एवं खनिज संशोधन विधेयक किया पारित

नई दिल्ली। लोकसभा ने बुधवार को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित कर दिया। विपक्ष के हंगामे के बीच विधेयक बिना चर्चा के सदन से मंजूर हुआ। विधेयक का उद्देश्य देश के खनन क्षेत्र को अधिक कुशल और निवेश-अनुकूल बनाना तथा महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए व्यवस्था को मजबूत करना है।

दूसरी बार सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद दोपहर 3 बजे बैठक दोबारा शुरू हुई। इस दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 में संशोधन के लिए विधेयक पेश किया।

सरकार के अनुसार, संशोधन का उद्देश्य देश के खनन क्षेत्र में दक्षता बढ़ाना और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है। इसके साथ ही भारत में महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए खनिज संसाधनों के विकास और उपलब्धता को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

विधेयक पेश किए जाने के दौरान विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी रहा। हंगामे के बीच सदन में विधेयक पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी और इसे पारित कर दिया गया।

विधेयक के पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।