धार में सड़क हादसे से मची अफरा-तफरी, ओवरटेक करते समय निजी बस स्कूल बस से टकराई

धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पीपलखेड़ा के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान एक निजी बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल बस में सवार बच्चों सहित दोनों बसों के दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए।

मिडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाईवे पर इंदौर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्कूल बस और एक ट्रक आगे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण निजी बस स्कूल बस के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों को नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112, पुलिस वाहनों तथा निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राजीव मीणा और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।