मुंबई में भूस्खलन से चॉल ढही, मलबे में दबकर 7 लोगों की मौत; राहत-बचाव जारी

मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। चिरागनगर स्थित गौसिया चॉल पर भूस्खलन होने से चॉल का एक हिस्सा ढह गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हुए हैं।

मिडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना तड़के करीब 3:48 बजे कुर्ला के चिरागनगर में राठौड़ मेडिकल के पास स्थित गौसिया चॉल में हुई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी हिस्से में भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में चॉल आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका का दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, वार्ड कर्मचारी, बिजली वितरण कंपनी की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

घायलों को उपचार के लिए भाभा अस्पताल और राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है।

डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसके चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।