नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को ईद मिलाद-उन-नबी और ओणम पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों त्योहारों के माध्यम से देश में एकता, खुशहाली और समृद्धि की भावना मजबूत होने की कामना की।
ईद मिलाद-उन-नबी की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अवसर लोगों के बीच एकता और खुशियां बढ़ाए। उन्होंने दया, करुणा और समाज के प्रति योगदान की भावना को हमेशा मार्गदर्शक बनाए रखने की बात कही।
ओणम पर भी दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के प्रमुख सांस्कृतिक और फसल उत्सव ओणम की भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ओणम एक शानदार त्योहार है, जिसे भारत के साथ पूरी दुनिया में उत्साह के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कामना की कि ओणम का पर्व सभी के जीवन में खुशी, एकजुटता और समृद्धि की भावना को और मजबूत करे। प्रधानमंत्री ने दोनों त्योहारों के अवसर पर देशवासियों के सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।

