उज्जैन। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन में सहायक यंत्री रविकांत मालवीय के जन्मदिन का कथित शाही जश्न सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक यंत्री को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मिडिया रिपोर्ट के अनुसार वायरल वीडियो में सहायक यंत्री रविकांत मालवीय हाथी पर सवार होकर ढोल-नगाड़ों के साथ सरकारी कार्यालय पहुंचते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कार्यालय के बाहर उनके साथियों और समर्थकों द्वारा डांस भी किया गया।
जन्मदिन समारोह में 500-500 रुपये की नोटों की गड्डियों जैसी डिजाइन वाला केक भी काटा गया। सरकारी कार्यालय में इस तरह से जन्मदिन मनाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
विभाग ने जारी किया नोटिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिजली विभाग ने सहायक यंत्री को नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी कार्यालय परिसर में हुए इस कथित भव्य आयोजन को लेकर विभागीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले में सहायक यंत्री के जवाब और विभाग की आगामी कार्रवाई का इंतजार है।

