इंदौर में वन्यजीव तस्करी पर शिकंजा, 30 कछुओं के साथ दो युवक गिरफ्तार

इंदौर। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रजातियों के 30 कछुए बरामद किए हैं। दोनों आरोपी इन कछुओं को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कछुओं की तस्करी कर उन्हें बेचने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाखेड़ी निवासी केशव शर्मा और रोहन गौड के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि केशव शर्मा कछुओं को बेचने के लिए ग्राहकों से संपर्क करता था, जबकि रोहन गौड की जिम्मेदारी वन्यजीवों को ग्राहकों तक पहुंचाने की थी। दोनों मिलकर कछुओं की तस्करी का काम कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से विभिन्न प्रजातियों के 30 कछुए जब्त किए। वन विभाग की टीम अब कछुओं की प्रजातियों और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वन्यजीव तस्करी से जुड़े इस मामले में आगे की जांच जारी है।