नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को करीब 13,041 करोड़ रुपये की पांच बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी। इनमें चार रेलवे की मल्टीट्रैकिंग परियोजनाएं और बिहार में एक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना शामिल है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे की चार परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के आठ जिलों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इन परियोजनाओं के तहत रेलवे नेटवर्क में करीब 410 किलोमीटर की वृद्धि होगी।
रेलवे की मंजूर परियोजनाओं में खड़गपुर-भद्रक चौथी लाइन, भद्रक-हरिदासपुर चौथी लाइन, गुम्मिडीपुंडी-गुदुर तीसरी एवं चौथी लाइन तथा कटक-पारादीप तीसरी एवं चौथी लाइन शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर करीब 9,450 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन्हें 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, मंत्रिमंडल ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड को चार लेन वाले मानक राजमार्ग में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है। करीब 82.57 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 3,590 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी लागत आएगी।
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से यातायात क्षमता बढ़ने के साथ माल और यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

