भिंड में दर्दनाक हादसा: पिकअप और डंपर की जोरदार टक्कर, 8 मजदूरों की मौत

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छिमका गांव के पास रात करीब 1 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मजदूर धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद पिकअप वाहन से अपने घर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। इसी दौरान पिकअप की सामने से आ रहे डंपर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में पिकअप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पिकअप अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार मजदूरों में से 5 की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 3 मजदूरों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने पिकअप में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।