भोपाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। संयुक्त परेड की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम अपने संबोधन में युवाओं, रोजगार, उद्योग, किसान, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में हर साल एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
2027 होगा ‘युवा वर्ष’
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं के समग्र विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, रोजगार, स्टार्टअप, खेल और नेतृत्व क्षमता जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष रूप से काम किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य अगले एक वर्ष में एक लाख से अधिक युवाओं को आईटीआई में प्रवेश दिलाने का है। वहीं हर साल करीब 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क में प्रशिक्षण देने की योजना है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश में अलग से प्लेसमेंट सेल भी बनाया जाएगा, जो उद्योगों और युवाओं के बीच समन्वय का काम करेगा।
हर जिले में बनेंगे MSME पार्क
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में MSME पार्क स्थापित करने की घोषणा की। सरकार का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिल सकेंगे।
‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का भरोसा ही सुशासन की सबसे बड़ी ताकत है। इसी उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ शुरू किया गया है। इसका नारा ‘न देरी, न दूरी’ रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान का पहला चरण 8 जनवरी 2027 तक चलेगा।
4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश सरकार ने 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में 9 प्रतिशत वृद्धि का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश त्रिवर्षीय रोलिंग बजट लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘GYAN’ मंत्र को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने उद्योग और बुनियादी ढांचे को जोड़कर ‘GYANII’ मॉडल तैयार किया है।
स्वतंत्रता दिवस के इस संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए युवाओं, रोजगार, निवेश और कौशल विकास को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करने का संदेश दिया।

