रक्षाबंधन से पहले बहनों को रेलवे की सौगात, मदन महल से चलेंगी 3 इंटरसिटी ट्रेनें

जबलपुर। रक्षाबंधन से पहले जबलपुर के यात्रियों को रेलवे की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे प्रशासन ने मदन महल रेलवे स्टेशन से तीन इंटरसिटी ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड ने जबलपुर जंक्शन से चलने वाली इन ट्रेनों को मदन महल तक विस्तार देने की मंजूरी दे दी है।

अगले सप्ताह से यात्रियों को रीवा, अंबिकापुर और सिंगरौली जाने वाली इंटरसिटी ट्रेनों की सुविधा मदन महल स्टेशन से मिलने की उम्मीद है। विस्तार के बाद इन ट्रेनों का प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन मदन महल होगा।

इससे शहर के उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें इन ट्रेनों में सफर करने के लिए वर्तमान में जबलपुर मुख्य स्टेशन तक जाना पड़ता है।

मदन महल से तीन और इंटरसिटी ट्रेनों का संचालन शुरू होने से जबलपुर जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम होगा। खासकर शहर के मदन महल, गढ़ा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, कई बार मुख्य स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की कमी के कारण ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ता है। मदन महल में ट्रेनों के प्रारंभ और टर्मिनेशन की सुविधा मिलने से ऐसी स्थिति में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल जबलपुर-मदन महल से संचालित होने वाली जनशताब्दी ऐसी प्रमुख ट्रेन है, जिसका संचालन मदन महल से शुरू होकर वहीं समाप्त होता है। अब तीन इंटरसिटी ट्रेनों के जुड़ने से मदन महल स्टेशन की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी।

रेलवे प्रशासन फिलहाल संचालन से जुड़ी तैयारियां पूरी करने में जुटा है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद यात्रियों को जबलपुर मुख्य स्टेशन तक जाने की जरूरत कम होगी और शहर के बड़े हिस्से को सीधे मदन महल से ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।