जबलपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस से पहले जबलपुर में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। उफनती नर्मदा की तेज धार के बीच करीब 200 तैराकों ने हाथों में तिरंगा लेकर 10 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान तैराकों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
जिलहरी घाट तैराकी संघ की ओर से आयोजित अखंड भारत संकल्प तिरंगा यात्रा गौरीघाट स्थित जिलहरी घाट से शुरू हुई और तिलवारा घाट तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में तैराक शामिल हुए। तिरंगे के साथ नर्मदा की लहरों में तैरते प्रतिभागियों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
करीब 10 किलोमीटर की दूरी तैराकों ने लगभग डेढ़ घंटे में पूरी की। तेज बहाव के बावजूद तैराकों ने उत्साह के साथ यात्रा पूरी की। हाथों में तिरंगा लेकर नर्मदा की लहरों के बीच तैरते प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।
आयोजकों के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान तिरंगे के साथ तैराकों का यह अनूठा प्रयास जबलपुर में चर्चा का विषय बना रहा।

