नई दिल्ली। भारत सरकार ने ई-वीजा धारक विदेशी नागरिकों के लिए देश में प्रवेश की सुविधा को और आसान बनाने के लिए 11 नए अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों को अधिसूचित किया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, इनमें 9 स्थल सीमा चौकियां और 2 हवाई अड्डे शामिल हैं।
नए प्रवेश केंद्र जुड़ने के बाद भारत में ई-वीजा धारकों के प्रवेश के लिए अधिकृत अंतरराष्ट्रीय पोर्ट की कुल संख्या बढ़कर 88 हो गई है। इनमें कुल 37 हवाई अड्डे, 38 समुद्री बंदरगाह और 13 स्थल सीमा चौकियां शामिल हैं।
अधिसूचित नए स्थल सीमा बंदरगाहों में अगरतला, दारंगा, गेड़े, घोजाडांगा, हरिदासपुर, जयगांव, डॉकी, मोरेह और अटारी शामिल हैं। वहीं भोपाल और तिरुपति हवाई अड्डों को भी ई-वीजा धारकों के लिए प्रवेश की सुविधा दी गई है।
सरकार के अनुसार, इस विस्तार से विदेशी यात्रियों के लिए भारत आने के विकल्प बढ़ेंगे और ई-वीजा व्यवस्था अधिक सुविधाजनक बनेगी। गृह मंत्रालय ने बताया कि भारत में करीब 95 प्रतिशत ई-वीजा आवेदनों को 72 घंटे से कम समय में प्रोसेस किया जाता है।
सरकार का यह कदम विदेशी पर्यटकों और अन्य पात्र यात्रियों के लिए भारत की यात्रा को आसान बनाने तथा ई-वीजा व्यवस्था की उपयोगिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

