बिजली के झूलते तार और ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर किसानों का अनूठा विरोध, पेड़ों पर टांगे पुतले

सीहोर/भोपाल। बिजली के झूलते तारों और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग पूरी नहीं होने से नाराज सीहोर जिले के किसानों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मिडिया रिपोर्ट के अनुसार छोटी कुलांस में किसानों ने उफनती कुलांस नदी के किनारे पेड़ों पर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के पुतले और बैनर टांगकर अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन में कुलांस खुर्द, बिलकिसगंज, ढाबला, रामाखेड़ी, चंदेरी, बरखेड़ी, छोटी कुलांस, बड़ी कुलांस, भांडेली, बरबेली, श्यामपुर, खमरिया और संग्रामपुर सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए।

किसानों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे हैं। कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। किसानों ने कुलांस खुर्द में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी लंबे समय से लंबित होने की बात कही।

किसानों के अनुसार बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर सीहोर से लेकर भोपाल स्थित अधिकारियों, ऊर्जा विभाग और जनप्रतिनिधियों तक शिकायतें पहुंचाई जा चुकी हैं। इसके बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर किसानों ने यह अनूठा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए बैनर के जरिए किसानों ने अपनी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का प्रतीकात्मक संदेश दिया। किसानों का कहना है कि कुलांस नदी आगे चलकर भोपाल तालाब में मिलती है, इसलिए उन्होंने नदी के जरिए अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का संदेश दिया।

किसानों ने बिजली व्यवस्था में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।