भोपाल में आरक्षक के अपहरण से पुलिस महकमे में हड़कंप, दो संदिग्ध हिरासत में

भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में चेकिंग के दौरान बदमाशों द्वारा एक पुलिस आरक्षक के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने शाहपुरा थाने में पदस्थ आरक्षक को कार में अगवा कर लिया और हाथ-पैर व मुंह बांधकर रातभर उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस के अलर्ट के बाद आरोपी आरक्षक को एमपी नगर इलाके में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

मिडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना 7 और 8 अगस्त की दरमियानी रात की बताई जा रही है। आरक्षक अपने साथी के साथ गश्त पर थे। संदेह होने पर उन्होंने एक कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की और उन्हें थाने चलने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि साथी आरक्षक बाइक से आगे निकल गया, जबकि आरक्षक  कार में बैठ गए। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर आरक्षक को दबोच लिया। उसका मोबाइल छीनकर बंद कर दिया गया और हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

जब आरक्षक थाने नहीं पहुंचा तो साथी पुलिसकर्मियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया। मोबाइल बंद मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे शहर में अलर्ट जारी किया गया।

आरक्षक के पास वायरलेस सेट भी था। आरोपियों ने जैसे ही पुलिस की चेकिंग और नाकाबंदी से जुड़े संदेश सुने, वे घबरा गए और आरक्षक के साथ दोबारा मारपीट की। तड़के आरोपी उसे एमपी नगर स्थित शासकीय मुद्रणालय के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। जाते समय आरोपी उसका मोबाइल भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इनमें एक आरोपी विदिशा जिले के गंजबासौदा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा भोपाल का निवासी है।

जिस कार का इस्तेमाल वारदात में किया गया, वह एक वकील के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन आरोपियों के पास कैसे पहुंचा और कहीं इसे चोरी तो नहीं किया गया था।

आरोपियों के खिलाफ अपहरण और लूट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।