मुरैना। चंबल नदी के उसैद घाट पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टीमर सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस के महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह तोमर ने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, उसैद-पिनाहट घाट पर स्टीमर सेवा बंद होने से कांग्रेस नेता नाराज थे। बताया गया कि वह पिछले दो दिनों से स्टीमर सेवा शुरू कराने के लिए आवेदन देकर मांग उठा रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने विरोध स्वरूप चंबल नदी में छलांग लगा दी।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों और गोताखोरों ने तुरंत नदी में उतरकर कांग्रेस नेता को बाहर निकाला। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
स्टीमर बहने के बाद बंद है सेवा
गौरतलब है कि 16 अगस्त को नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के कैंजरा घाट की ओर जा रहा सवारियों से भरा स्टीमर चंबल नदी की तेज धार में बह गया था। इसके बाद से उसैद-पिनाहट घाट पर स्टीमर सेवा प्रभावित है।
स्टीमर सेवा बंद होने से नदी पार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर कांग्रेस नेता लगातार सेवा बहाल करने की मांग कर रहे थे। गुरुवार को उनके नदी में कूदने की घटना के बाद घाट पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।

