प्रधानमंत्री मोदी आज वर्चुअल माध्यम से खेलो इंडिया संवाद को संबोधित करेंगे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअल माध्यम से खेलो इंडिया संवाद को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के तहत ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवाओं की भागीदारी के साथ किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को देश की खेल संबंधी महत्वाकांक्षाओं से सीधे जोड़ना और खेल क्षेत्र को लेकर उनके विचारों एवं सुझावों को राष्ट्रीय चर्चा का हिस्सा बनाना है।

एथलीटों और पदक विजेताओं से सीधा संवाद

खेलो इंडिया संवाद की प्रमुख विशेषता युवाओं और देश के प्रमुख भारतीय एथलीटों एवं पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद होगा। कार्यक्रम के दौरान युवा प्रतिभागियों को अपनी आकांक्षाएं, अनुभव और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।

पांच विषयों पर होगा युवा संवाद

कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा ‘युवा संवाद’ होगा, जो पांच महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा। इनमें खेल, ओलंपिक आकांक्षाएं, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और नशा मुक्त युवा शामिल हैं।

खेलो इंडिया संवाद का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, अनुशासित और खेलप्रिय राष्ट्र के निर्माण के दृष्टिकोण के अनुरूप किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने और देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।