मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: सिवनी-बालाघाट फोरलेन को मंजूरी, 10,620 करोड़ के विकास कार्यों पर मुहर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। सरकार ने प्रदेश में सड़क, किसान, युवा, उद्योग और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए कुल 10,620 करोड़ रुपये की स्वीकृतियां दी हैं।

सिवनी-बालाघाट फोरलेन को मिली मंजूरी

कैबिनेट बैठक में सिवनी-बालाघाट फोरलेन सड़क परियोजना को मंजूरी दी गई। इस परियोजना से दोनों जिलों के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक में प्रदेश में बारिश की स्थिति की भी समीक्षा की गई। किसानों को राहत देने और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी सरकार ने आवश्यक निर्णय लिए।

जन विश्वास अभियान के कार्यक्रमों में बदलाव

जन्माष्टमी और रक्षाबंधन के त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव किया गया है। 28 अगस्त का कार्यक्रम अब 29 अगस्त को और 4 सितंबर का कार्यक्रम 5 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।

मंत्री विजय शाह से जुड़े प्रस्ताव पर नहीं हो सकी चर्चा

कैबिनेट बैठक में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान से जुड़े मामले में अभियोजन की अनुमति देने का प्रस्ताव पेश नहीं हो सका। इसके चलते इस मुद्दे पर बैठक में कोई निर्णय नहीं लिया गया।

सरकार के अनुसार, बैठक में प्रदेश के विकास को गति देने और विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों के समाधान पर प्रमुखता से चर्चा की गई।