मध्य प्रदेश: 5 हजार अतिथि शिक्षकों के पदों पर भर्ती शुरू, आज से ऑनलाइन आवेदन; 1 सितंबर से मिलेगी जॉइनिंग

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नियमित शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 5,000 से अधिक अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

ऑनलाइन आवेदन और चयन प्रक्रिया शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यह प्रक्रिया 'एजुकेशन पोर्टल 3.0' के 'गेस्ट फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम' (GFMS) मॉड्यूल के जरिए संचालित की जा रही है।

आवेदन की तिथि: योग्य अभ्यर्थी 25 अगस्त से पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। चयन का आधार: रिक्त पदों पर नियुक्ति विकासखंड (ब्लॉक) और जिला स्तर पर तैयार मेरिट लिस्ट व पैनल के आधार पर की जाएगी। पूर्व शिक्षकों को प्राथमिकता: यदि किसी रिक्त पद के लिए ऐसे अभ्यर्थी उपलब्ध हैं, जिन्होंने पूर्व में उसी स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं, तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पुनः आमंत्रित किया जा सकता है। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पात्र अभ्यर्थियों को 1 सितंबर से ऑनलाइन जॉइनिंग कराई जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विषयवार शिक्षकों की कमी के कारण शासकीय विद्यालयों का शैक्षणिक सत्र बाधित न हो।