न्यायमूर्ति सुनील बालकृष्ण शुक्रे बने महाराष्ट्र लोकायुक्त के नए अध्यक्ष

मुंबई। बॉम्बे उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनील बालकृष्ण शुक्रे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के नए अध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। मुंबई स्थित राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक संक्षिप्त और गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने न्यायमूर्ति शुक्रे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और राज्यगीत से हुई। इस अवसर पर निवर्तमान लोकायुक्त न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) विद्यासागर कानडे, गोवा के लोकायुक्त न्यायमूर्ति संदीप शिंदे, राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त राहुल पांडे सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

न्यायिक व प्रशासनिक अनुभव 13 मई 2013 को बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए न्यायमूर्ति शुक्रे के पास संवैधानिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े मामलों का तीन दशकों से अधिक का समृद्ध अनुभव है। उच्च न्यायालय से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने 'महाराष्ट्र राज्य मागासवर्गीय आयोग' (MSBCC) के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं।