भेरूघाट के जाम से राहत के लिए तैयार हुआ वैकल्पिक मार्ग, 20-25 किमी बढ़ेगा सफर

इंदौर। इंदौर-खंडवा रोड पर भेरूघाट और बाईग्राम में लगातार लग रहे लंबे जाम से वाहन चालकों को राहत दिलाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तैयार किया है। वीकेंड के साथ सोमवार को भी इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। सावन सोमवार के दौरान ओंकारेश्वर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

जाम की स्थिति बनने पर सिमरोल से वाहनों को तिंछाफॉल, ओखलेश्वर और काटकूट होते हुए बड़वाह की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इस वैकल्पिक मार्ग से वाहन चालकों को करीब 20 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। रास्ते में जगह-जगह संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक आसानी से वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकें।

कारों को टनल से निकाला, बसों के लिए पुराना मार्ग

पुलिस ने जाम से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव का प्रयोग भी किया। इंदौर से बड़वाह की ओर जाने वाली कारों को टनल के रास्ते निकाला गया, जबकि बसों को पुराने मार्ग से भेजा गया। दूसरी ओर बड़वाह से इंदौर की ओर आने वाले वाहनों को पुराने रूट से ही गुजारा गया।

इस व्यवस्था के दौरान चोरल और बाईग्राम क्षेत्र में यातायात को वन-वे की तरह संचालित किया गया, जिससे जाम की स्थिति नियंत्रित रही।

जाम लगने पर ही लागू होगा डायवर्जन

पुलिस के अनुसार सिमरोल से बड़वाह तक बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर पर्याप्त संकेतक लगाए गए हैं। भेरूघाट में जाम लगने की स्थिति में वाहनों को इस रास्ते से डायवर्ट किया जाएगा। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने और यात्रियों को लंबे समय तक जाम में फंसने से बचाने में मदद मिलेगी।

सावन के दौरान ओंकारेश्वर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए पुलिस की यह व्यवस्था यातायात प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।