भोपाल। अयोध्या नगर पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के जेवर चोरी करने और घरों में काम के बहाने रेकी करने वाले महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे इको ग्रीन सिटी निवासी 53 वर्षीय राधा अहिरवार मंगल मार्केट में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान दो महिलाओं ने कथित तौर पर उन्हें योजनाबद्ध तरीके से धक्का देकर गिराया और उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने लगीं।
शोर मचाया तो पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
मंगलसूत्र छीनने के बाद महिला ने शोर मचाया। इसी दौरान बाजार में गश्त कर रही पुलिस टीम सक्रिय हुई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
पॉश कॉलोनियों में काम मांगने के बहाने करती थीं रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव की रहने वाली हैं। इनकी पहचान जयश्री अनिल सोनोने (30) और अरुणा संदीप (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं पॉश कॉलोनियों में झाड़ू-पोछा का काम मांगने के बहाने घरों की रेकी करती थीं। इसके अलावा हाट-बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर जेवर छीनने की वारदात करती थीं।
अयोध्या नगर पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।

