ग्वालियर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल व कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का जीआरपी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
जीआरपी के अनुसार, पुलिस टीम को मुखबिर से गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। इसके बाद लगातार सर्विलांस और सूचना के आधार पर दबिश देकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संजय श्रीवास (23), निवासी फूलबाग पड़ाव, अभि राठौर उर्फ प्रतेश (27), निवासी बिरला नगर हजीरा और एक विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई है।
27 मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 27 एंड्रायड और आईफोन स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बरामद मोबाइल फोन और बाइक की कुल कीमत 10 लाख 32 हजार 99 रुपये आंकी गई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के संबंध में शिकायतों और पूर्व की चोरी की वारदातों से आरोपियों के कनेक्शन की जांच कर रही है।
यात्रियों को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ट्रेन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी करता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जीआरपी की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने में मदद मिलने की उम्मीद है।

