MP कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में बड़ा फेरबदल, 253 की जगह अब 125 पदाधिकारी होंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर नई टीम गठित करने की तैयारी चल रही है। नई कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में काम करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव 2028 तथा लोकसभा चुनाव 2029 की तैयारियों की जिम्मेदारी संभालेगी।

वर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी में करीब 253 पदाधिकारी हैं। नई व्यवस्था में इनकी संख्या घटाकर लगभग 125 किए जाने की तैयारी है। पार्टी का फोकस संगठन को छोटा, सक्रिय और चुनावी जरूरतों के अनुरूप बनाने पर है।

बताया जा रहा है कि नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अगले दो से तीन महीने में पूरी की जा सकती है। इसमें कई नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।

नई टीम में ऐसे नेताओं को प्रदेश संगठन के पदों से मुक्त किया जा सकता है, जो वर्तमान में विधायक होने के साथ-साथ जिला अध्यक्ष या प्रदेश पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पार्टी संगठन में जिम्मेदारियों के दोहराव को कम करने पर जोर दे रही है।

नई कार्यकारिणी के गठन में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखने के साथ युवा चेहरों और सक्रिय संगठनकर्ताओं को प्राथमिकता देने की रणनीति है। ऐसे नेताओं को भी आगे लाने पर विचार किया जा रहा है, जो खुद चुनाव लड़ने के बजाय संगठन को मजबूत करने और चुनाव लड़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती आगामी 2028 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियां होंगी। ऐसे में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए नई कार्यकारिणी में व्यापक बदलाव की संभावना जताई जा रही है।