भोपाल। राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'एनालॉग पनीर' (गैर-डेयरी/मिलावटी पनीर) के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत विभाग की टीमों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखते हुए कई प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जांच कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेटा कॉलोनी, भोपाल स्थित Avenue E-Commerce Limited (D-Mart Ready) के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। टीम ने वहां उपलब्ध पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की पड़ताल की और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्रित किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें वर्तमान में हाई अलर्ट पर हैं। विभाग द्वारा 'ब्लिंकिट' (Blinkit), 'डी-मार्ट' (D-Mart), 'फ्लिपकार्ट' (Flipkart), 'रिलायंस मॉल' (Reliance Mall) सहित विभिन्न ई-कॉमर्स एवं बड़े रिटेल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध पनीर की पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को असली व मानकयुक्त डेयरी पनीर उपलब्ध कराना है। असली पनीर के स्थान पर सस्ता एनालॉग पनीर बेचना या भ्रामक लेबलिंग के जरिए ग्राहकों को धोखा देने वाली गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण लगाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एकत्रित किए गए सभी नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अमानक या भ्रामक पाए जाने वाले उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे बाजार से पैक्ड पनीर खरीदते समय पैकेट पर अंकित सामग्री निर्माण तिथि और विवरण की अच्छे से जांच करें। किसी भी तरह की संदेहास्पद खाद्य सामग्री या फर्जीवाड़े की सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें

