PM सूर्य घर योजना को बढ़ावा, 5 लाख परिवारों को मिला लाभ; 28 हजार करोड़ की सब्सिडी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में अब तक 5 लाख से अधिक परिवार लाभांवित हो चुके हैं। फरवरी 2024 में शुरू की गई इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने वाले पात्र परिवारों को केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय सहायता दी जा रही है।

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि योजना के तहत अब तक 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना मांग-आधारित योजना है। इसके तहत ग्रिड से जुड़े बिजली कनेक्शन वाले सभी आवासीय उपभोक्ता अपने घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने के लिए योजना का लाभ उठा सकते हैं।

सरकार का उद्देश्य घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना और बिजली के खर्च को कम करना है।

सरकार ने योजना के विस्तार के लिए बजट में भी बढ़ोतरी की है। वित्त वर्ष 2025-26 में योजना के लिए 17 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसे वित्त वर्ष 2026-27 में बढ़ाकर 22 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, योजना के तहत इस वर्ष जुलाई तक 14.65 गीगावाट से अधिक सौर ऊर्जा उत्पादन हुआ है। यह उपलब्धि देश की अक्षय ऊर्जा क्षमता बढ़ाने में योगदान दे रही है।

सरकार ने वर्ष 2030 तक देश में 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को इस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।