इंदौर में रील के लिए युवती ने ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां, जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर कराया फोटोशूट

इंदौर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए रील बनाने का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है। विजय नगर क्षेत्र में एक युवती ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों के रुकने के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर फोटो और वीडियो शूट करवाती नजर आई। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में प्रकृति गौर नाम की इन्फ्लुएंसर सड़क पर वाहनों के आगे लेटकर फोटोशूट कराती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि युवती ने सिग्नल पर वाहनों के रुकने का फायदा उठाते हुए जेब्रा क्रॉसिंग पर स्टंट किया और इस दौरान वीडियो बनाया गया।

युवती को देखने रुके वाहन चालक, लगा जाम

रील की शूटिंग के दौरान युवती को देखने के लिए कई वाहन चालक चौराहे पर रुक गए। इससे कुछ समय के लिए वाहनों की लाइन लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। सड़क के बीच इस तरह फोटो-वीडियो शूट किए जाने से हादसे का खतरा भी पैदा हो गया था।

पुलिस कर रही युवती की जानकारी की जांच

वायरल वीडियो यातायात पुलिस और पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया है। अधिकारियों के अनुसार युवती की पहचान और अन्य जानकारी निकलवाई जा रही है। जांच के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के लिए इस तरह सड़क पर स्टंट करना न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि सड़क पर मौजूद व्यक्ति और अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है।