राहुल गांधी पहुंचे संसद मार्ग थाने, घायल छात्र की शिकायत पर FIR दर्ज कराने की मांग

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग पुलिस थाने के डीसीपी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल लोचव और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं। राहुल गांधी ने साहिल की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर FIR दर्ज करने की मांग की।

आरोप है कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान साहिल लोचव पैलेट गन से घायल हुए थे और उनकी आंख में गंभीर चोट आई थी। कांग्रेस का कहना है कि साहिल और उनकी मां लगातार पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे, लेकिन शिकायत पर अब तक जांच नंबर नहीं दिया गया।

राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच और शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। कांग्रेस ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन इस्तेमाल करवाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि साहिल की शिकायत को लेकर पुलिस से लगातार संपर्क किया गया, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। पार्टी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

फिलहाल राहुल गांधी, साहिल लोचव और कुमारी सैलजा पुलिस अधिकारियों से मामले को लेकर बातचीत कर रहे हैं।