नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद पहुंचकर विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष जो सवाल पूछना चाहता है, वह सदन में पूछ सकता है।
अमित शाह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह दोपहर 3 बजे से अगले दिन दोपहर 3 बजे तक संसद में मौजूद रहेंगे और सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष की बात सुनेंगे और हर सवाल का जवाब देंगे।
NEET प्रदर्शन पर चर्चा को लेकर गृह मंत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चर्चा के लिए समय तय करने और विपक्ष से तैयार रहने को कहा गया था।
शाह ने कहा, “मैं संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं, लेकिन वे चर्चा ही नहीं चाहते।” उन्होंने विपक्ष से संसद की कार्यवाही चलने देने की अपील की।
अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सार्वजनिक और संसदीय राजनीति में इन दिनों “लापता” और “भाग गए” जैसे शब्द अधिक सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता तय करे कि वास्तव में कौन भाग रहा है।

