जबलपुर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, मानसिक दबाव और व्यक्तिगत उलझनों के बीच जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) के छात्रों ने एक अनूठा एआई आधारित ऐप तैयार किया है। ‘अंतर्गीता’ नाम का यह ऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भगवद्गीता की शिक्षाओं से जोड़कर यूजर्स को उनकी परिस्थितियों के अनुरूप मार्गदर्शन देने का प्रयास करेगा।
ऐप के जरिए यूजर अपनी दैनिक गतिविधियों और विचारों को डायरी के रूप में दर्ज कर सकेगा। इसके साथ ही ऐप यूजर के व्यवहार और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण कर उसकी समस्या और परिस्थितियों को समझने का प्रयास करेगा। इसके आधार पर भगवद्गीता की शिक्षाओं से जुड़े सुझाव उपलब्ध कराए जाएंगे।
‘अंतर्गीता’ में AI डायरी, बिहेवियर एनालिसिस, डिजिटल वेलबीइंग, कर्मा स्कोर और ग्रेटिट्यूड लॉग जैसे फीचर्स शामिल किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य यूजर को अपनी दिनचर्या, व्यवहार और डिजिटल आदतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है।
JEC के छात्रों की टीम पिछले करीब एक साल से इस ऐप के विकास पर काम कर रही है। ऐप को और बेहतर बनाने के साथ इसे जल्द ही Google Play Store पर लॉन्च करने की तैयारी है।
‘अंतर्गीता’ के जरिए तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा को जोड़ने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य केवल सवालों के जवाब देना नहीं, बल्कि यूजर को आत्मचिंतन और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करना भी है।

