खरगोन से हथियार खरीदकर सप्लाई की तैयारी, महू में अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महू/इंदौर। किशनगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की 6 देशी पिस्तौल, 9 मैगजीन और मोबाइल फोन सहित करीब 1 लाख 40 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 11 अगस्त की रात किशनगंज पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 6 अवैध पिस्तौल और 9 मैगजीन बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार उर्फ मुक्कु (28), निवासी श्रीगंगानगर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध हथियारों की तस्करी में कैरियर के रूप में काम कर रहा था और हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी में था।

प्रारंभिक पूछताछ में हथियार खरगोन क्षेत्र से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसे सप्लाई किए जाने थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान और पंजाब में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित सात गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।