ओरछा में आज से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक

भोपाल/ओरछा। श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में रविवार से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक शुरू होगी। दो दिवसीय बैठक की शुरुआत सुबह 9 बजे होगी, जो देर शाम तक चलेगी। बैठक का समापन 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे होगा। इस दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक में पार्टी का आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें जेन-जी को पार्टी से जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मतिथि 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश में शुरुआत तथा अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच और मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण सहित पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

करीब 300 नेता होंगे शामिल

बैठक में केंद्रीय मंत्री, कोर समिति के सदस्य, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित करीब 300 नेता शामिल होंगे।

दो दिवसीय बैठक को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें तय होने वाली कार्ययोजना के आधार पर भाजपा प्रदेश में आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को आगे बढ़ाएगी।