दो साल में मध्यप्रदेश में 50 से ज्यादा होंगे मेडिकल कॉलेज:

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में आने वाले दो वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ योग्य डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हो। विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि बीमारी या किसी परेशानी की स्थिति में वे समय पर डॉक्टर और अस्पताल तक पहुंच सकें।

गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण पर जोर

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि गरीब परिवारों को रोजगार के अवसर मिलें, युवाओं को काम मिले, महिलाओं को सम्मान और अवसर प्राप्त हों तथा किसानों के जीवन में समृद्धि आए।

शिक्षक बनने की थी इच्छा

मुख्यमंत्री ने अपने जीवन से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि यदि वे राजनीति में नहीं आते तो शिक्षक होते। उन्होंने बताया कि पठन-पाठन में उनकी रुचि रही है और शिक्षा के क्षेत्र से उनका विशेष लगाव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।