बुरहानपुर: टेस्ट ड्राइव के बहाने फिल्मी अंदाज में कार चोरी करने वाला आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

बुरहानपुर — शहर के सिंधी बस्ती बायपास स्थित पुरानी कारों के एक शोरूम से तीन दिन पहले फिल्मी अंदाज में चुराई गई कार को गणपति थाना पुलिस ने मुंबई से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी (मास्टरमाइंड) शेख नसीर (37) को मुंबई के मुंब्रा स्थित खान कंपाउंड से गिरफ्तार किया है।

आरोपी शोरूम में पुरानी कार खरीदने के बहाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने गाड़ी की टेस्ट ड्राइव ली और फिर रात के समय कार चुराकर फरार हो गए। पकड़ा गया मुख्य आरोपी शेख नसीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के ग्राम चांदपुर का रहने वाला है और लंबे समय से मुंबई में रह रहा था।

 इस वारदात में शामिल दूसरा आरोपी इनायत उल्ला (40), जो मुंबई के कुर्ला का निवासी है, फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।गणपति थाना प्रभारी कमल पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुई कार को मुंबई से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।