पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कल होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को खेल, फिटनेस और युवा नेतृत्व वाले विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ना है।

हर जिले के दो कॉलेज होंगे शामिल

कार्यक्रम के तहत पंजाब और हरियाणा के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। वहीं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी कार्यक्रम आयोजित होगा। इन स्थानों से विद्यार्थी और युवा राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले समन्वित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन सुनेंगे युवा

MY Bharat पंजाब की राज्य निदेशक रश्मीत कौर ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थी और युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुनेंगे। इस दौरान खेल और फिटनेस से जुड़े विषयों पर युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संवाद से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल

कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इससे युवाओं को खेलों से जुड़े अपने अनुभव, विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के जरिए युवाओं में खेल संस्कृति, फिटनेस और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।