ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और ‘दीनदयाल स्पर्श योजना’ के लिए आवेदन आमंत्रित

हरदा। भारतीय डाक विभाग द्वारा इस वर्ष भी ‘ढाई आखर पत्र लेखन’ प्रतियोगिता और ‘दीनदयाल स्पर्श योजना’ का आयोजन किया जा रहा है। दोनों योजनाओं के लिए विद्यार्थियों और आम नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उप डाकपाल हरदा अरविंद जोशी ने बताया कि ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘धरती माँ के नाम पत्र: प्रकृति की रक्षा मेरा संकल्प’ रखा गया है। प्रतियोगिता में 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

प्रतिभागी अंतरदेशीय पत्र पर अधिकतम 500 शब्द तथा लिफाफे में ए-4 पेपर पर अधिकतम 1000 शब्दों में हस्तलिखित पत्र लिख सकते हैं। पत्र हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में लिखा जा सकता है। प्रतियोगिता में शामिल होने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

राष्ट्रीय स्तर पर 50 हजार रुपये तक पुरस्कार

दोनों श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ तीन-तीन प्रविष्टियों को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा और राष्ट्रीय स्तर के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये है। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 10 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये निर्धारित है।

दीनदयाल स्पर्श योजना में मिलेंगे 6 हजार रुपये सालाना

डाक विभाग की ‘दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना’ का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह यानी फिलाटेली के प्रति रुचि बढ़ाना है। इसमें कक्षा 6वीं से 9वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। छात्र के पास किसी डाकघर में फिलाटेली खाता होना अनिवार्य है। यह खाता 200 रुपये जमा कर खोला जा सकता है।

योजना के लिए चयन परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। इसमें सामान्य ज्ञान और फिलाटेली से जुड़े 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा निशुल्क होगी। चयनित विद्यार्थियों को 6 हजार रुपये वार्षिक, यानी 1500 रुपये प्रति तिमाही छात्रवृत्ति दी जाएगी।

दीनदयाल स्पर्श योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी और प्रतिभागी आवेदन फॉर्म एवं नियमों की जानकारी के लिए अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर सकते हैं।