पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का ट्रायल सफल, शनिवार से शुरू हो सकती है सेवा

महू। करीब आठ माह से बंद पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन सेवा दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। रेलवे ने गुरुवार को पातालपानी से कालाकुंड के बीच 9.5 किलोमीटर लंबे मीटरगेज ट्रैक पर ट्रेन का सफल ट्रायल रन किया। ट्रायल के बाद अब रेलवे अधिकारियों की रिपोर्ट और नियमित संचालन के नोटिफिकेशन का इंतजार है। संभावना है कि 22 अगस्त से पर्यटकों के लिए हेरिटेज ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है।

पातालपानी-कालाकुंड रेल मार्ग पहाड़ों और घने जंगलों के बीच से गुजरता है। ट्रायल रन के दौरान रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, कोचों की स्थिति सहित घुमावदार मोड़, पुल, सुरंग और ट्रैक से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की।

छह कोच के साथ चलेगी ट्रेन

नियमित संचालन शुरू होने पर हेरिटेज ट्रेन में कुल छह कोच होंगे। इनमें दो वातानुकूलित विस्टाडोम कोच और चार गैर-वातानुकूलित कोच शामिल रहेंगे। विस्टाडोम कोच से पर्यटक सफर के दौरान पहाड़ी क्षेत्र और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे।

हेरिटेज ट्रेन का संचालन शुरू होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह रेल मार्ग प्राकृतिक सुंदरता और घने जंगलों के बीच होने के कारण पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है।

ऑनलाइन होगी टिकट बुकिंग

हेरिटेज ट्रेन में सफर के लिए टिकट की बुकिंग ऑनलाइन ही की जाएगी। रेलवे द्वारा नियमित संचालन की तारीख और समय-सारणी संबंधी आधिकारिक सूचना जारी किए जाने के बाद यात्री टिकट बुक कर सकेंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल रन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नियमित संचालन का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है।