नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए सरकार ने 18 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ऐतिहासिक स्थलों का पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण और क्षेत्र में विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत सांबा जिले के उत्तरवाहिनी विरासत स्थल के विकास पर 6 करोड़ 86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं कठुआ जिले के बसोहली किले के संरक्षण और नवीनीकरण के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा अनंतनाग के नाला सौंदबरारी झरने के विकास और सौंदर्यीकरण पर 5 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं के माध्यम से ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व वाले स्थलों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ उनके संरक्षण पर भी जोर दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य इन स्थलों को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना और जम्मू-कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाना है।
सरकार की यह पहल जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व वाले स्थलों के संरक्षण, पुनरुद्धार और संवर्धन के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने और क्षेत्र की विरासत पर्यटन क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
